पीलीभीत। जलापूर्ति के लिए शहर में बिछाई गई पाइपलाइन में लापरवाही के चलते लगे लीकेज के मर्ज का उपचार नहीं हो पा रहा। पालिका एक स्थान पर जलापूर्ति बहाल करती है, कुछ समय बाद ही दूसरे स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। पानी सड़क पर बहने लगता है। शहर में कई स्थानों पर लंबे समय से लीकेज हैं। इस वजह से उपभोक्ताओं को भी मुसीबत उठानी पड़ रही है।
नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति करीब दो माह से लड़खड़ाई हुई है। बिजली निगम की ओर से कराए जा रहे कार्य की वजह से आए दिन पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। शहीद दामोदर दास पार्क से लाल मार्ग पर खुली पाइपलाइन में कई जगह लीकेज है। यहां पर पानी पूरे समय बहता है।
लीकेज के चलते पानी तो बर्बाद होता ही है, सड़क पर कीचड़ की समस्या भी रहती है। स्टेशन मार्ग पर भी पाइपलाइन में लीकेज है। यहां भी पानी सड़क पर बहता रहता है। इसके अलावा गौहनिया चौराहे के पास भी लीकेज है। अन्य कई स्थानों पर भी समस्या है।
देशनगर, अफसर काॅलोनी की पेयजल आपूर्ति प्रभावित
मोहल्ला देशनगर, अफसर काॅलोनी और अन्य मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित है। इन मोहल्लों को जलापूर्ति आवास विकास के पंप संख्या दो से की जाती है। पानी पूरी गति से न पहुंचने की शिकायत पर पालिका ने जांच कराई तो यशवंतरी मंदिर के आगे पाइपलाइन में दिक्कत मिली। नगर पालिका के जलकल विभाग के तारिक ने बताया कि पाइपलाइन दुरुस्त कराई जा रही है। बताया कि लाल मार्ग वाली खुली पाइपलाइन को अंडरग्राउंड कराने का प्रस्ताव बना है। खुली पाइपलाइन की वजह से समस्या रहती है। कई बार मरम्मत भी कराई जा चुकी है।
क्षतिग्रस्त पाइपलाइन सही, आपूर्ति बहाल
बिजली का खंभा लगाने के लिए गड्ढा खोदते समय रामा कॉलेज तिराहे के निकट क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन रविवार को दुरुस्त हो गई। पेयजल आपूर्ति भी बहाल कर दी गई। पाइपलाइन शनिवार को क्षतिग्रस्त हुई थी। कई मोहल्ले के लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ा। जेई जलकल राजरानी ने बताया कि पाइपलाइन दुरुस्त कराकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
वर्जन
पाइपलाइन में लीकेज के संबंध में जेई जलकल से रिपोर्ट मांगी गई है। जिन स्थानों पर आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलती है, वहां प्राथमिकता से कार्य कराकर आपूर्ति सुचारू कराई जा रही है। - आशुतोष गुप्ता, एसडीएम न्यायिक/ ईओ नगर पालिका पीलीभीत
शहर के दामोदर दास पार्क से लाल रोड जाने वाली सड़क पर लीकेज पानी की पाइपलाइन। संवाद
शहर के दामोदर दास पार्क से लाल रोड जाने वाली सड़क पर लीकेज पानी की पाइपलाइन। संवाद