पीलीभीत-भोजीपुरा रेल मार्ग को ब्राडगेज में परिवर्तित करने का कार्य तेजी से शुरू हो चुका है। प्लेटफार्म संख्या दो की मेन लाइन को उखाड़कर ब्राडगेज लाइन बिछाने को बेस बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
रेलवे स्टेशन पर ब्राडगेेज कार्य के तहत प्लेटफार्म संख्या दो की मेन रेल लाइन को उखाड़ने का कार्य शुक्रवार सुबह से शुरू किया था। कर्मचारियों ने देर शाम तक पटरी उखाड़ने का कार्य पूरा कर लिया। इधर शनिवार सुबह से पटरी के नीचे के स्लीपरों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाने को कार्य शुरू किया गया। कंट्रक्शन टीम के सदस्यों के मुताबिक उखाड़ी गई रेल लाइन के स्थान पर अब अब ब्राडगेज लाइन बिछाने को बेस (फर्श) आदि बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्लेटफार्म को ऊंचा करने का कार्य शुरू किया जाएगा, लेकिन इससे पूर्व स्टेशन परिसर में बड़ी रेल लाइन बिछाई जाएगी।
रोडवेज बसों तक नहीं पहुंचे यात्री
बरेली रेल मार्ग पर मेगा ब्लाक लेने के दूसरे दिन भी परिवहन विभाग यात्रियों का इंतजार करता रहा, लेकिन यात्रियों की संख्या नाम मात्र ही रही। हालांकि बरेली रूट पर चलने पर रोडवेज बसों में सुबह व शाम को यात्रियों की संख्या बढ़ी देखी गई। परिवहन विभाग के एआरएम एसके वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को डिपो की आय में करीब 40-45 हजार रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। यात्री बढने की संभावना को लेकर पूरे इंतजाम किए गए हैं।