बीसलपुर। तहसील बार एसोसिएशन के होने वाले चुनाव में शुल्क जमा करने की तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। शुक्रवार को तहसील सभागार में हुई अधिवक्ताओं की बैठक में इसका सर्व सहमति से निर्णय लिया गया।
बैठक में तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री राजा राम माथुर ने बताया कि कुछ अधिवक्ताओं ने होने वाले तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अब तक शुल्क जमा नहीं किया है, जबकि अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई थी। बैठक में सर्व सम्मति के बाद वंचित अधिवक्ताओं का शुल्क जमा करने के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मई कर दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 मई तक तक जिन अधिवक्ताओं का शुल्क जमा हो जाएगा, उन्हें मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा। उसके बाद 16 मई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेश चंद्र को मतदाता सूची दे दी जाएगी। बैठक में अधिवक्ताओं ने अन्य सुझाव भी दिए। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश गुप्ता ने और संचालन महामंत्री राजाराम माथुर ने किया। इस दौरान रमेश चंद्र गुप्ता, कौशल कुमार दुबे, अशोक जायसवाल, वीरेंद्र कुमार सक्सेना, मान प्रकाश वर्मा, जोगेंद्र कुमार, सुधीर सक्सेना और निर्भय सक्सेना समेत काफी अधिवक्ता मौजूद रहे। बैठक की वजह से अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे थे।