योगी सरकार के आदेश पर विद्युत विभाग ने ऐमनेस्टी योजना को शुरू कर दिया है। इसके तहत उपभोक्ताओं पर लगे सरचार्ज को माफ किया जाएगा। लेकिन इसका लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। इसमें औद्योगिक उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत व बकाया सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को सरचार्ज पर सौ प्रतिशत की छूट मिलेगी। योजना का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक्सईएन रणजीत चौधरी ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर आवश्यक पहलुओं को सामने रखा। यह भी बताया कि उपभोक्ता इसका लाभ कैसे उठा सकते है और व्यवस्थाओं को भी बताया।
रणजीत चौधरी ने बताया कि विद्युत विभाग के बकायेदारों को इसमें काफी लाभ मिलेगा। शहर क्षेत्र से करीब सात करोड़ 16 लाख रुपये बकाये बिल पर सरचार्ज है। इसके लिए घरेलू, कॉमर्शियल, प्राइवेट संस्थाएं, निजी नलकूप पर सरचार्ज में सौ प्रतिशत की छूट रहेगी। जबकि औद्योगिक क्षेत्र में यह 50 प्रतिशत होगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। औद्योगिक उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन पांच हजार और अन्य का एक हजार रुपये से होगा। इसके लिए समस्त बिजली घरों में कर्मचारी मौजूद है। जोकि फार्म भरकर रजिस्ट्रेशन कर देंगे। निजी नलकूप वाले उपभोक्ता अपनी बकायेदारी को चार किश्तों में जमा कर सकेंगे। पहली किश्त में रकम 25 प्रतिशत की रहेगी। वहीं अगर किसी की बकायेदारी दस हजार रुपये तक है, तो उसको एक बार में ही जमा करना होगा। इसके लिए 20 कैशियर लगाए गए है। उन्होंने कहा कि ये योजना सरकार की ओर से बकायेदारों को राहत देने का अंतिम मौका है।
शहरी क्षेत्र में ये है बकायेदारी
श्रेणी उपभोक्ता संख्या बकाया
बत्ती, पंखा 6382 11.43 करोड़
कॉमर्शियल 1401 3.65 करोड़
प्राइवेट संस्थान 110 1.80 करोड़
निजी नलकूप शून्य शून्य
औद्योगिक 23 05 लाख
ग्रामीण क्षेत्र में ये है बकायेदारी
श्रेणी उपभोक्ता संख्या बकाया
बत्ती, पंखा 23,544 35.92 करोड़
कॉमर्शियल 1129 8.85 करोड़
प्राइवेट संस्थान124 1.36 करोड़
निजी नलकूप355 36.86 करोड़
औद्योगिक36 24 लाख
प्रचार को लगाए गए कर्मी और वाहन
ऐमनेस्टी योजना 15 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। इसको शत प्रतिशत कामयाब बनाने के लिए समस्त जेई, लाइनमैन को उनके क्षेत्र की बकायेदारों की सूची देकर गांव-गांव भेजा जा रहा है। इसके अलावा चार चौपहिया वाहन व ग्रामीण-कस्बा इलाकों में रिक्शा से एनाउंसमेंट कराकर विभागीय अफसर योजना की जानकारी दे रहे है।
ऐमनेस्टी योजना को धरातल पर सफल बनाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विभागीय टीम को क्षेत्रानुसार लगाया है। रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था बिजली घरों में ही कर्मचारी लगाकर कर दी गई है। बकायेदारों को सरचार्ज माफी का ये अंतिम मौका है।
रणजीत चौधरी, एक्सईएन