पीलीभीत। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिर से स्पेशल ट्रेन हावड़ा-लालकुआं का संचालन शुरू कर दिया है। इस ट्रेन के चल जाने से लोगों को सुविधा मिल सकेगी।
जून में समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन पीलीभीत से पूरनपुर होते हुए किया गया था। इस रूट पर अन्य ट्रेनों के संचालन को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए गए गए थे। इनका संचालन भी जल्द शुरू होना था लेकिन बारिश में शाहगढ़ और संडई हाल्ट के बीच रेल ट्रैक क्षतिग्रस्त हो जाने से ट्रेनों का संचालन नहीं हो सका। इससे लोगों को मायूसी हाथ लगी।
अब ट्रैक ठीक होने के बाद मात्र एक ट्रेन हावड़ा-लालकुआं का संचालन ही शुरू किया गया है। रेलवे अधिकारियों की ओर से लालकुआं-हावड़ा समर स्पेशल ट्रेन एक से 30 अगस्त तक चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन लालकुआं से दिन में 1:35 बजे रवाना होकर किच्छा, भोजीपुरा होते हुए पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी।
यहां से शाम 4:00 बजे रवाना होकर पूरनपुर, गोला, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर होते हुए अगले दिन रात्रि 9:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में यही ट्रेन हावड़ा से रात्रि 11:30 बजे रवाना होकर इन्हीं रूटों से होती हुई पीलीभीत जंक्शन पर 10:50 बजे यहां पहुंचेगी।
यहां से यह ट्रेन 10:55 बजे रवाना होकर भोजीपुरा होते दोपहर 1:55 बजे लालकुआं पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन लालकुआं से प्रत्येक बृहस्पतिवार को एवं हावड़ा से प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा। इसको लेकर पूर्व में रेलवे अधिकारियों ने सूचना भी जारी की थी।