पीलीभीत। शहर के उपाधि महाविद्यालय के प्राचार्य के वसुंधरा काॅलोनी के किराये के सूने पड़े मकान में चोरी हो गई। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बृहस्पतिवार को घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सुनगढ़ी पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है।
उपाधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि वह लंबे समय से कॉलोनी में किराये के मकान पर रह रहे हैं। 15 जून को वह शहर के मकान में ताला डालकर मेरठ जिले में स्थित अपने पैतृक घर गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे लौट कर आए। परिसर में घुसते ही जीने की ओर लगा दरवाजा खुला मिला। पास जाकर देखने पर ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरा भी खुला मिला। अंदर रखी अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी में रखी 34 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने का हार व चांदी के जेवरात समेत तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी।