पूरनपुर में रेलवे टेक्नीशियन के घर इस अलमारी से चोरों ने उड़ाई नकदी,जेवरात। संवाद
पूरनपुर। शराब की कंपोजिट दुकान में नकब लगाकर चोर 26 बोतल अंग्रेजी शराब, दो बीयर की केन और ढाई सौ रुपये चुरा ले गए। वहीं एक अन्य चोरी की घटना में रेलवे के टेक्नीशियन के घर में घुसे चोर कमरे में रखी सेफ का लॉकर तोड़कर दस हजार रुपये, सोने के जेवरात चुरा ले गए।
शराब की दुकान में चोरी की घटना 29 मई की रात की है। धनाराघाट रोड पर कारगिल पेट्रोल पंप के समीप कंपोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन मोहल्ला कायस्थान निवासी रमेश चंद्र शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 29 मई को रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। 30 मई को दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई।
चोरों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरा के ऊपर गत्ता लगाकर दुकान के पीछे जीने की सीढि़यों की ममटी के पास दीवार तोड़कर दुकान में चोरी की। दुकान से चोर 26 बोतल अंग्रेजी शराब, दो बीयर की केन और 250 रुपये चुरा ले गए। तहरीर पर पुलिस ने शनिवार रात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि शराब की दुकान से मोहल्ला हबीबगंज निवासी विकास ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। विकास और उसके साथी को रविवार को कलीनगर रोड के समीप से अंग्रेजी शराब की आठ बोतल और बीयर की दो केन सहित गिरफ्तार कर लिया। विकास का चालान कर दिया गया है। किशोर को किशोर न्यायालय भेजा गया है।
चोरी की दूसरी घटना मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी रेलवे के टेक्नीशियन हरदीप सिंह के घर हुई। घटना 30 मई की है। हरदीप ने बताया कि घटना के समय उसकी पत्नी रजविंदर कौर गुुरुद्वारा गई थी। घर में उनकी बुजुर्ग मां संतोष कौर थीं। इस दौरान चोरों ने घर में घुसकर कमरे में रखी सेफ का लॉकर तोड़कर सोने की अंगूठी, बाली और दस हजार रुपये चुरा लिए। घटना की जानकारी उसकी पत्नी ने मोबाइल पर दी। हरदीप ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली।