केंद्रीय विद्यालय के निर्माण का काम जल्द शुरू होने के आसार हैं। विद्यालय निर्माण का ठेका लेने वाली कंपनी की टीम रविवार को पीलीभीत पहुंची। टीम के सदस्यों ने प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया और निर्माण शुरू कराने पर चर्चा की।
वर्ष 2008 में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के प्रयासों से केंद्रीय विद्यालय की स्थापना कराई गई थी, लेकिन भवन न होने के कारण इसे जिला प्रशिक्षण संस्थान में संचालित किया जा रहा है। संस्थान में कक्ष न होने के कारण अगले वर्ष कक्षा 10 पास करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय छोड़ना पड़ेगा। वहीं कक्षा तीन, चार व पांच भी इस समय संचालित नहीं हो पा रहे हैं। अभिभावकों के प्रयासों के बाद प्रशासन ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज की पांच एकड़ जमीन विद्यालय निर्माण को दी थी। तमाम औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद अब विद्यालय निर्माण की स्थिति आ चुकी है। सीपीडब्ल्यूडी ने इसका ठेका भी दे दिया है। रविवार को दिल्ली की निर्माण कंपनी के सदस्य पीलीभीत पहुंचे। टीम के सदस्यों ने प्रस्तावित भूमि पर पहुंचकर ले आउट के हिसाब से निरीक्षण किया। कंपनी के अजय सिंघल ने बताया कि विद्यालय भवन के साथ शिक्षक आवास, बाउंड्रीवाल, सीवर लाइन आदि का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए लगभग आठ करोड़ का ठेका हुआ है।