वर्ष 2008 से स्थापित केंद्रीय विद्यालय का अभी तक अपना भवन नहीं बन सका है। ग्राम्य विकास संस्थान भवन में चल रहे इस विद्यालय में अब कक्ष न होने के कारण कक्षा 11 को बंद किया जा रहा है। इससे यहां से कक्षा 10 पास करने वाले छात्रों को विद्यालय छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। विद्यालय द्वारा कक्ष की व्यवस्था न करने और कक्षा 11 को बंद कराए जाने की जानकारी पर अभिभावकों ने नाराजगी व्यक्त की है। शुक्रवार को अभिभावकों ने नेहरू पार्क में बैठकर इस निर्णय को गलत बताया। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने अपने बच्चों को कक्षा 12 तक पढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय में प्रवेश दिलाया था लेकिन अब कक्षा 10 के बाद ही उन्हें विद्यालय से अलग किया जा रहा है। अभिभावकों ने इसके लिए विद्यालय प्रशासन को दोषी बताते हुए डीएम से भी फोन पर वार्ता की जिस पर डीएम ने अभिभावकों को सोमवार को बुलाया है। बैठक के बाद अभिभावकों ने मानव संसाधन विकास मंत्री को भी फैक्स कर विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया है। बैठक में डॉ. सुधीर शर्मा, सियाराम, चंद्रशेखर आजाद, अशोक कुमार, शेरबहादुर, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. शमीम, काशीराम, भगवत सरन, मुनेंद्र पाल, श्रीगोपाल, देवेंद्र कुमार जोशी, राजेश पाल सहित कई अभिभावक मौजूद रहे।