केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के चीफ इंजीनियर रमेश चंद्रा ने शहर में चल रहे केंद्रीय विद्यालय भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। गुणवत्ता ठीक मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही नवंबर तक हर हाल में भवन विद्यालय प्रशासन को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
शहर में जिला अस्पताल के निकट एक साल पहले केंद्रीय विद्यालय के भवन का निर्माण शुरू कराया गया था जो अब लगभग पूरा होने को है। शनिवार दोपहर को मुख्य अभियंता रमेश चंद्रा भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। परिसर का भ्रमण कर उन्होंने स्टाफ आवास, विद्यालय भवन एवं अन्य सभी कार्य देखे। दो घंटे से अधिक समय तक चले निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि कार्य संतोषजनक है। पूरे निर्माण में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का ध्यान में रखा गया है। परिसर का पानी बाहर नहीं जाएगा। भवन निर्माण होने के बाद भी अधिकांश पेड़ों केे सुरक्षित रहने पर उन्होंने खुशी जताई। कैंटीन से सटे पार्क में बैठने के लिए उन्होंने बेंच बनवाने के निर्देश दिए। उनके साथ अधिशासी अभियंता संतोष कुमार भी थे।
अब तक नहीं हुआ बिजली कनेक्शन
भवन निर्माण के समय से ही बिजली कनेक्शन लेने की कवायद चल रही है लेकिन अभी तक इसका स्टीमेट बनाकर विद्युत विभाग को नहीं दिया जा सका है। इस पर मुख्य अभियंता ने नाराजगी व्यक्त की और विद्युत अभियंता को जल्द कनेक्शन कराने के निर्देश दिए।
अभिभावकों ने भी रखी अपनी बात
मुख्य अभियंता के आने की सूचना पर कई अभिभावक भी पहुंच गए। उन्होंने सर्दी शुरू होने का हवाला देकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की। इस पर मुख्य अभियंता ने बताया कि नवंबर तक हर हाल में भवन हस्तांतरित कर दिया जाएगा।