स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराई गई जांच में कसगंजा गांव के 14 लोग संभावित खसरा से पीड़ित पाए गए। शुक्रवार को चिकित्सक घर-घर जाकर मरीजों की जांच करेंगे और दवा देंगे।
कसगंजा में खसरा का प्रकोप है। गांव के करीब दो दर्जन लोग खसरा की चपेट में है। सूचना देने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव न पहुंचने पर लोगों में रोष है। कसगंजा गांव के लोगों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। कहीं तब जाकर बृहस्पतिवार को कसगंजा गांव में एएनएम भेजकर जांच कराई गई।
सीएचसी के एमओआईसी डॉ. मोहम्मद असलम ने बताया कि एएनएम पुष्पा देवी ने गांव में 14 लोगों को संभावित खसरा होने की रिपोर्ट दी है। इनमें तीन मरीज 25 साल से अधिक उम्र के हैं। इनको खसरा नहीं हो सकता। बाकी दस साल या इससे कम उम्र के बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गांव में चिकित्सक भेजे जाएंगे, जो घर-घर जाकर मरीजों का परीक्षण कर दवाएं देंगे।