पीलीभीत। रुपये के लेनदेन और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दियोरियाकलां कोतवाल संजीव कुमार उपाध्याय का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वह अफसरों को लेकर भी अपशब्द का प्रयोग कर रहे थे। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने कोतवाल को निलंबित कर दिया। पूरे मामले की जांच एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी को दी गई है।
दियोरिया कोतवाल संजीव कुमार उपाध्याय का ऑडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। यह ऑडियो 51 मिनट 15 सेकेंड का है। इसमें कोतवाल किसी व्यक्ति से रुपये के लेनदेन की बात कर रहे थे। हालांकि सौदेबाजी किस काम को लेकर चल रही थी, स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। बातचीत के दौरान उन्होंने अधिकारियों को लेकर भी सवाल उठाते हुए अपशब्दों का प्रयोग कर डाला। सोशल मीडिया पर कोतवाल के बिगड़े बोल का ऑडियो वायरल हुआ तो पुलिस की फजीहत होने लगी। मामला अधिकारियों तक पहुंचा। एसपी ने संज्ञान लेते हुए बुधवार देर शाम कोतवाल दियोरियाकलां संजीव कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया। ऑडियो को लेकर विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एएसपी को दी गई। पूरे दिन मामला चर्चा का विषय बना रहा।
बता दें कि यह कोतवाल पहले भी विवादित रह चुके हैं। सदर कोतवाली में दो साल पहले तैनात रहे थे। वहां गोमांस तस्करों को संरक्षण देने के आरोप में घिर गए थे। बंद किए जा चुके स्लॉटर हाउस पर पशुओं की खाले बरामद हुईं तो कई दिन तक कार्रवाई नहीं की गई थी। इस मामले में भी कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया था।
एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसका संज्ञान लेकर कोतवाल दियोरियाकलां को निलंबित कर दिया है। एएसपी को पूरे प्रकरण की जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - जयप्रकाश, एसपी