सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते कोटेदार । स्रोत - कोटेदार
पीलीभीत। अन्य प्रदेशों की भांति उत्तर प्रदेश में भी कोटेदारों का लाभांश बढ़ाने की मांग को लेकर सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद ने कलक्ट्रेट में जुलूस निकालकर नारेबाजी। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया। ज्ञापन में जल्द लाभांश न बढ़ाने पर नए साल में पहली जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।
देश के अन्य प्रदेशों में उचित दर विक्रेताओं को लाभांश काफी अच्छा दिया जाता है। उत्तर प्रदेश में दुकानदारों को सबसे कम 90 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है। लाभांश बढ़ाने की प्रदेश के कोटेदार लंबेे समय से मांग करते आ रहे हैं। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। इसको लेकर शुक्रवार को उ.प्र. सस्ता गल्ल विक्रेता परिषद ने प्रदेश संगठन के आवाहान पर कलक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकालकर अपनी मांगों को बुलंद किया। डीएम कार्यालय के बाहर पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह को दिया।
ज्ञापन में कहा गया है उनको यहां पर 90 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मानदेय दिया जा रहा है, जबकि हरियाणा में 200, गोवा में 200, दिल्ली में 200, महाराष्ट्र में 250, उत्तराखंड 180 रुपये दिया जा रहा है। उनको लाभांश बढ़ाकर नहीं दिया जा रहा। परिषद ने जल्द लाभांश में बढ़ोतरी न होने पर पहली जनवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस दौरान पारुल सिंह, लक्ष्मी नरायन, अर्पित सिंह आदि मौजूद रहे।
गन्ना राज्यमंत्री के यहां पहुंचे कोटेदार
बड़ी संख्या में कोटेदार गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के कार्यालय में पहुंचे। यहां लाभांश के सबसे कम होने के बारे में बताया। कोटेदारों ने गन्ना राज्यमंत्री को ज्ञापन भी दिया। जिस पर उन्होंने सरकार तक कोटेदारों की बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।