पीलीभीत। कोविड-19 के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिये उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद कई बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश डीएम वैभव श्रीवास्तव ने दिए। डीएम ने कहा कि ‘आरोग्य सेतु ऐप’ को सभी सरकारी अफसर कर्मचारी मोबाइल में डाउनलोड करें। यह रोग से स्वयं तथा अन्य लोगों को भी बचाने में सहायक है। सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों में आपात चिकित्सा सुविधा 24 घंटे उपलब्ध हो। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा समुचित की जाए। यदि किसी मरीज के रक्त आदि की जांच की आवश्यकता हो, तो सैम्पल घर से लेने की व्यवस्था अस्पताल करें। कोविड अस्तपतालों में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्रियों को पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। आने वाले दिनों में त्योहार है। ऐसे में कहीं भीड़ इकठ्ठा होने न दी जाए। जुलुस भी न निकलने दे। धर्मगुरुओं, सामाजिक नेताओं से अपील कराएं कि लोग घरों में रहें। शेल्टर होम में भोजन- सफाई व्यवस्था शासकीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की जाए। संस्थागत क्वारंटाइन की 14 दिन की अवधि पूर्ण करने के उपरान्त आवश्यक चिकित्सकीय जांच के उपरान्त निगेटिव पाये गये व्यक्तियों को 14 दिन की अवधि के लिए होम क्वारंटाइन कराएं। खाद्यान्न भी उपलब्ध कराया जाए। जिले से कोई बाहर न जाए, ना ही कोई अंदर प्रवेश कर सके। सामाजिक दूरी का पालन कराएं। विश्वसनीय एवं प्रमाणित लोगों द्वारा ही भोजन वितरण कराया है। स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखें।