अमरिया। कस्बे की कोरोना संक्रमित महिला के ठीक होने और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर पहुंचने पर उन्हें वहीं क्वारंटीन किया गया है। महिला के कोरोना से ठीक होने के बाद परिवार के लोगों में जहां खुशी का माहौल है। रिश्तेदार मिलकर उन्हें इस जीत पर बधाई भी देना चाह रहे हैं, मगर क्वारंटीन किए जाने की वजह से नहीं मिल पा रहे हैं। हालांकि लॉकडाउन की वजह से ऐसा संभव भी नहीं है।
बता दें कि गांव हर्रायपुर में 21 मार्च को 35 यात्रियों का एक जत्था सऊदी अरब से लौटा था। एसडीएम सौरभ दुबेे के नेतृत्व में उसी दिन डॉक्टरों की टीम के साथ घर जाकर इन सब यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई थी। स्क्रीनिंग में महिला और उसके बेटे को कोरोना संदिग्ध पाकर जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया था। दोनों की जांच में कोरोना संक्रमण पाया गया था। उसके बाद जत्थे में शामिल सभी लोगों को क्वारंटीन वार्ड में पहुंचाकर जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर सभी को 14 दिन का समय पूरा होने के बाद घर भेज दिया गया था। संक्रमित महिला के स्वस्थ होने पर उन्हें भी बुधवार को घर भेज दिया गया था। अभी उनके बेटे को पूरी तरह स्वस्थ न होने के कारण घर नहीं भेजा गया है, अभी बेटे की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने का इंतजार है। इंतजार अब बेटे के भी लौटने का है। उनके घर में इस जीत की खुशी है, जिसे रिश्तेदार फोन करके ही व्यक्त कर पा रहे हैं। वहीं जिस गली में महिला रहती है, उन गलियों में जाने से लोग पूरी तरह बच रहे हैं।