पीलीभीत। अमरिया की महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उनसे मिलने वाले चार रिश्तेदारों के ब्लड सैंपल लेकर लखनऊ भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी को घरों में ही क्वारंटीन किया है। इसके साथ इन सभी को घर बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। वहीं आइसोलेशन वार्ड में भर्ती संक्रमित मां- बेटे की हालत में सुधार है।
सऊदी अरब से 37 लोगों का जत्था अमरिया में 20 मार्च को लौटा था। जत्थे में शामिल सभी सदस्य बिना जांच कराए घरों में चले गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी मिलने के बाद 35 लोगों की स्क्रीनिंग कर क्वारंटीन वार्ड में ठहरा दिया था। इसमें जांच के दौरान एक महिला और उसके बेटे में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया। संक्रमित मां- बेटे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। इधर स्वास्थ्य विभाग की टीम जत्थे में शामिल लोगों के संपर्क में आने वालों को तलाश कर रही है। इसी बीच टीम को शहर के मोहल्ला भूरे खां और शेर मोहम्मद में रहने वाले चार रिश्तेदारों के महिला के संपर्क में आने की जानकारी लगी थी। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने उनके घर जाकर जांच पड़ताल की। जांच पड़ताल के बाद चारों लोगों का ब्लड सैंपल लेकर परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा है। अधिकारी अब जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
इधर जिला अस्पताल के डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मां- बेटे की हालत में सुधार देखा जा रहा है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि रविवार को दोनों का सैंपल फिर से जांच को भेजा जाएगा।
नेपाल से आए बुजुर्ग में मिले कोरोना के लक्षण
पूरनपुर। विदेशों और अन्य प्रदेशों से आए 180 लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जांच की। जांच में नेपाल से चार दिन पहले घर लौटे गांव गजरौला खास निवासी एक बुजुर्ग में कोरोना के लक्षण पाए गए। इसके बाद बुजुर्ग को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सीपी सिंह ने बताया कि विदेश और अन्य प्रदेशों से क्षेत्र में आए लोगों की जांच के दौरान गांव गजरौला निवासी एक बुजुर्ग में कोरोना के लक्षण पाए गए। बुजुर्ग चार दिन पहले नेपाल से अपने गांव गजरौला खास आए थे। संवाद