पीलीभीत। लॉकडाउन होने के बाद एक तरफ सरकार आम जरूरतों में कोई दिक्कत न होने देने का भरोसा दिला रही है। वहीं शहर में नगरपालिका की पानी सप्लाई गड़बड़ा गई है। रुक-रुककर पानी आने से लोगों को दिक्कत से जूझना पड़ रहा है।
लॉकडाउन होने के बाद लोग घरों पर है। प्रशासन की ओर से भी इसकी अपील लगातार की जा रही है। बिजली तो सुचारू ढंग से मिल रही, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। निरजंनकुंज कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, एकता नगर कॉलोनी, सुभाषनगर, आवास विकास कॉलोनी, आसफजान, साहूकारा समेत कई इलाकों में नगरपालिका का पानी नहीं पहुंच पा रहा। जिन घरों में पानी आ रहा है, वहां भी रुक-रुककर। ऐसे में साफ-सफाई से जुड़े काम सही तरीके से नहीं हो पा रहे। जिन घरों में पानी की टंकी पहली मंजिल या फिर इससे ऊपर है वहां तो टंकी से पानी की बूंद भी नहीं टपक रही। इसका समाधान नहीं हो पा रहा।
लॉकडाउन होने पर जब लोग घरों में हैं तो पानी खर्च भी बढ़ा है। इसके बावजूद पानी नहीं आ रहा। काफी दिक्कत आ रही है। इसका समाधान जल्द कराना चाहिए। - शालिनी, सुभाषनगर कॉलोनी
पहले तो कोरोना वायरस के चलते सभी काम ठप है। घरों पर परिवार साथ है। साफ-सफाई भी जरूरी है। इसके लिए पानी अधिक खर्च हो रहा, मगर पानी रुक-रुककर आने से दिक्कत आ रही है। विजया मिश्रा, निरजंनकुंज कॉलोनी