देश और प्रदेश में कोरोना वायरस के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट है। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सिटी मजिस्ट्रेट को मंदिरों और दरगाहों पर रोजाना जमा होने वाली भीड़ पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। शासन ने आठ से 22 मार्च तक चलने वाला पोषण अभियान रोक दिया है। उधर, यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य भी रोक दिया गया है।
सरकार के कड़े इंतजाम के बाद भी कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है। सरकार की जारी एडवाइजरी में आम नागरिकों से भीड़ भाड़ वाले इलाकों में जाने से परहेज करने और कम से कम एक मीटर दूरी बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। नवरात्र पर्व पर शहर के मां यशवंतरी देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। नवरात्र में इस मंदिर पर मेला भी लगता है। इसके अलावा दरगाहों और मस्जिदों में विशेष दिन पर अकीदतमंदों की भीड़ रहती हैं। इन सबको देखते हुए डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह से कहा है कि वह मंदिर, मस्जिद और अन्य धार्मिक स्थलों पर मेला न लगने दें। न ही कहीं भीड़ जमा हो। सिटी मजिस्टे्रट ने इस दिशा में कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
आठ मार्च से चल रहा पोषण अभियान थमा
शासन के निर्देश पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से जनपद में आठ मार्च से पोषण पखवाड़ा शुरू किया गया था। इसे 22 मार्च तक चलना था। इमें प्रत्येक दिन अलग-अलग गतिविधियां होनी थीं। मगर, अब शासन के ही निर्देश पर मिलने के बाद इस पर रोक लगा दी गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि पोषण पखवाड़ा पर रोक लगा दी गई है।
बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य रुका
जनपद में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य दो परीक्षा केंद्रों पर 16 मार्च से शुरू किया गया था। मूल्यांकन केंद्रों पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। मगर, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य पर भी रोक लगा दी गई है। डीआईओएस संतप्रकाश ने बताया यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अग्रिम आदेशों तक रोका गया है।
प्राइवेट जिम भी कराए बंद, चोरी छिपे चल रहे
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने शहर में संचालित 10 से अधिक प्राइवेट जिम भी बंद करा दिए हैं। हालांकि प्रशासन के आदेश के बाद प्राइवेट जिमों को सख्ती के साथ बंद करागया गया था, लेकिन अब भी कुछ जिम चोरी छिपे संचालित हो रहे हैं।
पीटीआर कर्मियों का स्टडी टूर भी स्थगित
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से अधिकारियों और कर्मचरियों का एक स्टडी टूर जिम कार्बेट रामनगर जाना था। एसडीओ पूरनपुर प्रवीण खरे के नेतृत्व में यह 10 सदस्यीय दल को बुधवार को रवाना होता था, लेकिन कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते इसे स्थगित कर दिया गया।
साप्ताहिक बाजारों को भी बंद करने के आदेश
बरखेड़ा, न्यूरिया समेत कई अन्य कस्बों में लगने वाली साप्ताहिक बाजार को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। साप्ताहिक बाजार पांच अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। निर्देश का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
संस्कृत बोर्ड परीक्षाएं भी स्थगित
संस्कृत शिक्षा परिषद की 19 मार्च से तीन अप्रैल तक होने वाले संस्कृत बोर्ड परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई। डीआईओएस संत प्रकाश ने बताया कि कोरोना के फैलाव से बचाव को लेकर शिक्षा निदेशक ने परीक्षाएं स्थगित करने के आदेश दिए हैं।
सीएचसी में जुकाम बुखार के मरीजों की अलग ओपीडी
सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने समस्त आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जुकाम बुखार के आने वाले मरीजों के लिए अलग से फीवर डेस्क खोलने के निर्देश दिए थे। बुधवार को सभी सीएचसी में खांसी बुखार के मरीजों की अलग से जांच की गई। बाकी मरीजों को इनसे अलग रखा गया है।
शासन से प्राप्त निर्देशों का लगातार पालन कराया जा रहा है। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। अगर किसी की लापरवाही मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- वैभव श्रीवास्तव, डीएम