पीलीभीत। नगर पालिका परिषद की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता का संदेश देकर आसमान में पतंगें उड़ाई गईं। कार्यक्रम का आयोजन शहर के अशोक कॉलोनी स्थित संतराम स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पतंग उड़ाकर किया।
मंगलवार को स्कूल मैदान में स्वच्छता जागरूकता पतंग उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव में शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिलाएं व नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रेश चौहान, नगर पालिका के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर संजय अग्रवाल व अमृत लाल रहे।
-
पतंग प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने किया प्रतिभाग
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता संदेश युक्त पतंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में छात्रों ने स्वच्छ शहर-स्वस्थ जीवन, कचरा डस्टबिन में डालें, स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं जैसे संदेशों के माध्यम से स्वच्छता का प्रभावी संदेश दिया। आयोजित प्रतियोगिता में ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अक्षत शुक्ला प्रथम, कंपोजिट विद्यालय की छात्रा छवि द्वितीय और बेनहर स्कूल की आराध्या तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बेनहर गुरुकुल विद्यालय के बच्चों द्वारा बनाई गई विशेष एवं आकर्षक स्वच्छता संदेश युक्त पतंग को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।