हजारा(पीलीभीत)। नहरोसा गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना उठान न होने से किसानों ने धरना देकर विरोध जताया और तौल बंद करा दी। इस मौके पर पहुंचे केन अकाउंटेंट से किसानों की नोकझोंक भी हो गई।
किसान चीनी मिल संपूर्णानगर के नहरोसा क्रय केंद्र पर गन्ना उठान की लचर व्यवस्था ठीक न होने के चलते किसान आक्रोशित हो गए। उनका आरोप था कि पांच दिन पूर्व तौले गए गन्ना का ठेकेदार ने उठान नहीं कराया। ट्रकों को लेकर कबीरगंज सेंटर पर गन्ना भरने चला गया। इस पर किसान गुस्सा हो गए और गन्ने की तौल बंद कराकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर केन अकाउंटेंट गोविंद राय मौके पर पहुंचे तो किसान उनको खरी खोटी सुनाकर ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग करने लगे। घंटों चली वार्ता के बाद व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया तब किसान शांत हो गए और गन्ने की दोबारा तौल शुरू कराई। धरने में पूर्व प्रधान रउफ अहमद, मोहम्मद इकराम, असलम, रुखसाद, मोहम्मद राशिद, सुखविंदर सिंह, सतवीर सिंह, कमलेश कश्यप, नियमत शाह, अमीरुद्दीन, महमूदीन, तौफिक, फैयाज, यार मोहम्मद शामिल थे।
नहरोसा से ठेकेदार को रास्ता खराब होने से दिक्कत होने की समस्या बताई जा रही है। यार्ड में दलदल होने की वजह से लोडिंग में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी 30 प्रतिशत गन्ना खरीदा जा चुका है। सुधार हो रहा है।
- डॉ. दमिनेश राय मुख्य गन्ना अधिकारी संपूर्णानगर