किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान समेत विभिन्न समस्याओं को हल करने की
मांग को लेकर किसान मजदूर संगठन (महिला प्रकोष्ठ) ने ब्लाक चौराहा पर जाम
लगाकर एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने
राज्यपाल को संबोधित 12 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
संगठन की
जिलाध्यक्ष मिथलेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने करोड़ों रुपये का बकाया
गन्ना मूल्य भुगतान न होने, समाजवादी पेंशन योजना में अपात्रों का नाम सूची
में शामिल करने आदि के विरोध में जुलूस निकाल कर ब्लाक चौराहा पर जाम
लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में एसडीएम
कार्यालय पहुंचे। जहां धरना देकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने
राज्यपाल को संबोधित बारह सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन मेें
प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने, दलित, गरीब मजदूरों और महिलाओं पर हो रहे
अत्याचार को रोकने, एससीबीसी, जनरल और अल्पसंख्यक सीनियर और जूनियर वकीलों
के भरण पोषण को पांच हजार रुपये मासिक देने, बकाया करोड़ों का गन्ना मूल्य
भुगतान कराने, परिवार के मुखिया की मौत पर मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर
विधवा पेंशन दिलवाने, समाजवादी पेंशन योजना में सूची में बडे़ पैमाने पर
हुई धाधंली की जांच कराकर कार्रवाई कराने आदि की मांग की गई है। ज्ञापन में
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मिथलेश शर्मा के अलावा ब्लाक अध्यक्ष कुलविंदर
कौर, महारानी पाल, हरीबाबू पासवान, श्रवण दत्त सिंह, यूसुफ मलिक, कुलवीर
कौर, गुड्डी मिश्रा, रेखा देवी, जितेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।