छात्र आशीष कुमार । स्त्रोत- परिजन
पीलीभीत। परिजनों को बताए बिना दिल्ली गए ड्रमंड इंटर कॉलेज का 11वीं के छात्र का वहां अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने शनिवार को दोपहर बाद छात्र के पिता को व्हाट्सएप पर कॉल कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। जानकारी के बाद पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
शहर के मोहल्ला वासिल में रहने वाले संतोष कुमार का 16 वर्षीय पुत्र आशीष ड्रमंड इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र है। संतोष ने बताया कि आशीष शुक्रवार को कॉलेज जाने की बात कहकर दिन में करीब 11 बजे घर से निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार को दोपहर बाद करीब 3:55 बजे संतोष के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप कॉल आई। रिसीव करने पर कॉल करने वाले ने कहा कि उनके बेटे आशीष का अपहरण कर लिया गया है। उसने छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। कहा, अगर तीन घंटे के अंदर खाते में रुपये नहीं डाले तो आशीष को मार दिया जाएगा।
संतोष ने जब बेटे से बात कराने के लिए कहा तो उसने इन्कार कर दिया। संतोष के पास दो बार फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मलिक गैंग का सदस्य बताया। साथ ही धमकी दी कि पुलिस या आस-पड़ोस में किसी को बताया तो छात्र की हत्या कर दी जाएगी। संतोष ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। फिरौती की बात पता चलते ही पुलिस सतर्क हो गई। सर्विलांस टीम को लगा दिया गया। पुलिस छात्र की तलाश में जुटी है।
दिल्ली की लड़की से इंस्टाग्राम पर होती थी चैटिंग
पिता संतोष ने बताया कि दो दिन पूर्व उसने बेटे का मोबाइल देखा तब पता चला कि उसकी दिल्ली की किसी लड़की से इंस्टाग्राम पर चैटिंग होती थी। करीब एक साल से दोनों में बातचीत हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि लड़की इसी गैंग की सदस्य होगी। छात्र को बहला फुसलाकर उसने दिल्ली बुलाया होगा।