पीलीभीत। पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या के मामले की विवेचना अब शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार करेंगे। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी सागर सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ दी है।
जिला अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन कक्ष के बाहर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। बीच-बचाव करने पहुंचीं अस्पताल कर्मचारी निधि भी हमले में घायल हो गई थीं। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।
कशिश के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 115 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पूछताछ में आरोपी ने एकतरफा प्रेम में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
अधिकारियों ने मामले की विवेचना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जिम्मेदारी शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार को सौंपी है। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की संबंधित धारा भी बढ़ा दी गई है। कोतवाल प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाया जा रहा है। विवेचना के प्रत्येक पहलू का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि अदालत में आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें और प्रभावी पैरवी हो सके। सीओ सिटी अमर नाथ वर्मा ने बताया कि मामले की विवेचना निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर कराई जाएगी। सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
आज स्टाफ के बयान दर्ज करेंगे विवेचक
कशिश हत्या कांड की प्रत्यक्षदर्शी महिला स्टाफ नर्स निधि समेत मामले से जुड़े अन्य स्टाफ के पुलिस आज बयान दर्ज करेगी। निधि की हालत में सुधार है। परिजन के अनुसार घटना को यादकर वह आज भी सहम जाती हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले, पेट और कांधे पर चार प्रहार का जिक्र
कशिश की पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में गले, पेट और कंधे पर चार स्थानों पर चोट का जिक्र हैं। खून अधिक बहने से मौत का कारण सामने आया, लेकिन शरीर के किस हिस्से पर किए गए प्रहार से उसकी मौत हुई। यह उसमें स्पष्ट नहीं किया गया। कोतवाल प्रमेंद्र कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटें के निशान का जिक्र है। नस कटने से मौत का कोई हवाला नहीं है।
वर्जन-
मामले की जांच पुलिस कर रही है। जल्द विवेचना पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करवाई जाएगी।
सुकीर्ति माधव, एसपी