क्रिकेट मैच के दौरान प्रतिभाग करते खिलाड़ी। संवाद
अमरिया। कस्बे में आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को कादरी क्लब हर्रायपुर और उदयपुर वारियर्स के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ। सुपर ओवर में कादरी क्लब हर्रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में टॉस जीतकर उदयपुर वारियर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कादरी क्लब हर्रायपुर की टीम ने निर्धारित 14 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए तेज गति से रन बटोरे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उदयपुर वारियर्स की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवरों में छह विकेट खोकर 130 रन बना दिए। स्कोर बराबर होने के कारण मुकाबला टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर कराया गया।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए उदयपुर वारियर्स की टीम केवल चार रन ही बना सकी। जवाब में कादरी क्लब हर्रायपुर के बल्लेबाज ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर टीम को शानदार जीत दिला दी। मैच में 42 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले मुजम्मिल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस दौरान कमेटी अध्यक्ष सिकत्तर सिंह, कमरूल, पिंका सिंह, विनय गुप्ता, रफीकुल हसन, सलमान चामा, शाहिद हुसैन और अदीब अहमद समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। संवाद