दोनों गुटों में टकराव न हो, इसके लिए प्रशासन ने आंशिक रूप से रूट को बदलने के संकेत दिए हैं। तीन जनवरी को रात नौ बजे से आस्ताना-ए-हशमतिया से यह जुलूस निकाला जाएगा।
तीन दिन पहले शहर मुफ्ती मौलाना मासूम रज़ा साहब ने जुलूस में झगड़ा फसाद की आशंका को देखते हुए जुलूस न निकालने का ऐलान किया था। उनका कहना था कि मौलाना हसन मियां कदीरी और उनके परिवार के लोग दूसरे रंग के झंडे के साथ बीच रास्ते में पीछे से शामिल हो जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। शहर मुफ्ती का तर्क था कि दूसरा गुट वर्चस्व को लेकर विवाद कर सकता है, जिसमें कौम के लोगों में नाइत्तेफाकी बढ़ेगी।
शहर मुफ्ती का स्पष्ट कहना है कि मौलाना हसन मियां कदीरी व उनके परिवार के लोगों के साथ न तो वह किसी जुलूस में शामिल होंगे, न अपने जुलूस में शामिल होने देंगे। प्रशासन अगर इसकी गारंटी कर देता है तो जुलूस निकालने पर विचार किया जा सकता है।
- मोहम्मद जरताफ रज़ा खां, सज्जादानशीन, आस्तान-ए-हशमतिया
शहर मुफ्ती के परिवार के लोगों की अगुवाई में हमेशा जुलूस निकाला गया है। इस बार भी निकाला जाएगा। उन्हें राजी कर लिया गया है। अलग रंग के झंडे के साथ बीच में मौलाना हसन मियां कदीरी के गुट को शामिल नहीं होने दिया जाएगा।
- ओएन सिंह, जिलाधिकारी
अधिकारियों ने गुरुवार को मुझसे बात की थी। उनका लहजा धमकाने वाला था। हम जुलूस में पीछे से अलग रंग के झंडे के साथ शामिल होते आएं हैं। इस बार भी शामिल होंगे। प्रशासन ने रोका तो हालात को देखते हुए कोई भी निर्णय ले सकते हैं।
- मोहम्मद हसन मियां कदीरी
छतों पर मुस्तैद रहेंगे सशस्त्र जवान
पीलीभीत। जुलूस-ए-मोहम्मदी के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। निर्धारित रूट पर मकानों की छतों पर 100 सशस्त्र सुरक्षाकर्मी कैमरे के साथ तैनात रहेंगे। जुलूस के लिए आठ सीओ, 150 दरोगा समेत एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम ने बिजली विभाग के एमडी को पत्र भेजकर तीन जनवरी को बिजली कटौती न करने को कहा है।
एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चार कंपनी पीएएसी के अलावा बदायूं, शाहजहांपुर समेत कई जिलों का फोर्स आ गया है। 10 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां लाल रंग मिश्रित ठंडे पानी की रहेंगी। छह रबड बुलेट की टीम, चार क्यूआरटी, तीन वज्र वाहन भी मुस्तैद रहेंगे। रोडवेज की 10 बसें रिजर्व रखी गई हैं। जुलूस के स्थिति बिगड़ती है, तो घायलों आदि को अस्पताल ले जाने के लिए चार एंबुलेंस भी रिजर्व में रहेंगी।