जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार समेत अन्य निर्दोष छात्रों पर थोपे गए देश के मुकदमे वापस लेने समेत विभिन्न मांगों को लेकर वामपंथी दलों के राष्ट्रीय आह्वान पर भाकपा (माले), भाकपा व माकपा फारवर्ड ब्लाक के पदाधिकारियों की अगुवाई में जुलूस निकाल राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वाम मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए तथा वहीं से केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालना शुरू कर दिया। स्टेशन पर हुई सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) जिला सचिव देवाशीष राय ने कहा कि पूरे देश में भाजपा नेतृत्व में सांप्रदायिक जहर घोलने का काम किया जा रहा है। भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। महिलाओं के साथ बलात्कार फिर हत्या की जा रही है। उन्हें न्याय दिलाने की मांग करने वालों को कुचलने के लिए भाजपा सांप्रदायिक एजेंडे भगवाकरण समेत जेएनयू जैसे प्रकरण को अंजाम दे रही है।
पूर्व जिपं सदस्य रमा गैरोला ने कहा कि जेएनयू मामले में दोषियों को न पकड़ उल्टे लोकतंत्र की बहाली की मांग करने वाले कन्हैया कुमार समेत अन्य वामपंथी छात्र नेताओं पर देश द्रोह का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
भाकपा के रजिउद्दीन शम्सी ने कहा कि जनता रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान की मांग न करें इस लिए जनता के ध्यान को भ्रमित करने के लिए साजिशन एबीवीपी द्वारा नारा लगवाकर वामपंथ के छात्र संगठन को बदनाम किया जा रहा है। फारवर्ड ब्लाक के प्रांतीय महासचिव शिवनरायन सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा संस्थानों पर भगवाकरण करने की भाजपा की साजिश का भंडाफोड़ हो चुका है। सभा को देवी दयाल, रामचंद्र, हरिपाल, नरेश, नन्हूलाल, खेमकरन, प्रहलाद आदि मौजूद रहे। बाद में सभी ने नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा, जिसमें जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार समेत अन्य निर्दोष छात्रों पर थोपे गए देशद्रोह के मुकदमों को समाप्त करने, हैदराबाद विश्वविद्यालय के दलित छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या, फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान पुणे, आईआईटी चेन्नई, जादवपुर विश्वविद्यालय व जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में घटित घटनाओं की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच करा कर दोषियों को दंड दिलाने, पटियाला हाउस कोर्ट में कन्हैया कुमार के साथ मारपीट करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजने, भाजपा विधायक ओपी शर्मा समेत उपद्रव करने वाले अन्य दोषियों के खिलाफ उचित विधिक कार्रवाई करने आदि की मांग की गई है।