व्यस्त जीवन के चलते सेहत के प्रति लापरवाह हो रहे लोगों को सजग करने तथा इस लापरवाही से बीमार हो चुके लोगों की जांच कर उनके बेहतर इलाज व उसकी सही सलाह देने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन जिले में नि:शुल्क हेल्थ कैंप लगा नई पहल की शुरुआत कर रहा है। पहला कैंप पांच सितंबर (शनिवार) को माधोटांडा रोड स्थित ग्राम जमुनियां सुबह नौ बजे से लगेगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जबकि दूसरा हेल्थ कैंप ट्रांस शारदा क्षेत्र के नेहरू नगर में छह सितंबर को तथा तीसरा कैंप ग्राम भगवंतापुर सात सितंबर को लगेगा। मरीजों को जरूरी दवाइयां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा दी जाएंगी। इन कैंपों में मिले मरीज फिर अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह न हो जाएं इसकी पड़ताल के लिए फाउंडेशन की ओर से दो-तीन माह बाद फिर कैंप लगाए जाएंगे। यह क्रम तब तक जारी रहेगा जबतक संबंधित गांव के लोग अपनी सेहत के प्रति पूरी तरह सजग व स्वस्थ नहं हो जाते।
जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होने वाले इन कैंपों में मंौके पर ही कुशल चिकित्सक टीम द्वारा मरीजों के खून की जांचें की जाएंगी तथा मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क औषधि भी उपलब्ध कराई जाएगी। चिकित्सकों की टीम में महिला चिकित्सक भी शामिल रहेंगी। सीएमओ डा. ओमचौहान ने तीनों ही स्थानों पर सेहत महकमे के चिकित्सकों को टीम व दवाओं के साथ भेजने की व्यवस्था कर दी है। सीएमओ ने बताया कि यदि कुछ गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों का कैंप में उपचार नहीं हो सका तो उनका इलाज जिला चिकित्सालय में प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा कैंप में मुफ्त रक्त जांच की सुविधा दी जाएगी। जिसमे हिमोग्लोबिन, बिलिरुबिन, सिरम, यूरिया, यूरिक एसिड, हैपेटाइटिस, ब्लड शुगर, एचआईवी, मलेरिया एवं टॉयफायड की जांच शामिल होगी।
जिलाधिकारी मासूम अली सरवर ने अमर उजाला फाउंडेशन की इस पहल की खुले कंठ से सरानहना की है। डीएम ने कहा कि फाउंडेशन का यह प्रयास निश्चित तौर पर जिले के सेहत के प्रति लापरवाह लोगों को सजग रखने तथा विभिन्न रोगों से पीड़ित ग्रामीणों के स्वास्थ्य लाभ के लिए हितकर होगा। डीएम ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह इन कैंपों में स्वयं मौजूद रहते, लेकिन विभिन्न कार्यों की व्यस्तता के चलते इस बार वह इन कैंपों में नहीं- पहुंच पा रहे हैं, जिसका उन्हें मलाल रहेगा। अगले कैंपों में वह हर हाल में मौजूद रहने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस कैंप में पहुंच स्वास्थ्य परीक्षण कराने व उपचार का लाभ उठाने की अपील की है।