पूरनपुर। रोशनदान और खिड़की उखाड़कर चोरों ने महिला हेड कांस्टेबल सहित दो घरों से 95 हजार की नकदी और साढ़े छह लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। दोनों घटनाओं की तहरीर पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। कुछ संदिग्धों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
घटना हजारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात की है। गांव लक्ष्मनपुर निवासी नैमुद्दीन की पत्नी फरजाना बानो पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल हैं। उनकी तैनाती लखनऊ में है। नैमुद्दीन ने बताया कि रात को परिवार के साथ घर में सोए थे। इस दौरान चोरों ने घर के पीछे का रोशनदार निकालकर कमरे में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी लोहे की अलमारी तोड़कर सोने का हार, मांग टीका, झुमके, नथनी, चेन, अंगूठी, चांदी का हाथ फूल, पायल और 95 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह आंख खुलने पर हुई। गांव अशोक नगर के केशवदास ने बताया कि उनके घर चोर घर के पीछे की खिड़की निकालकर घुसे।
चोरों ने सोने के कुंडल, चांदी की कमरबंद, पायजेब, पायल, गुच्छा, घड़ी सहित करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। सीओ विधि भूषण मौर्य के अनुसार हजारा एसओ को रिपोर्ट दर्ज करके चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।