पीलीभीत। कान्हा के जन्म की खुशियां मनाने के लिए लोग तैयार हैं तो बाजार भी पूरी तरह सज चुका है। इस बार लडडू गोपाल पारंपरिक पोशाक से हटकर मार्डन ड्रेस में नजर आएंगे। बाजार में लड्डू गोपाल के लिए पारंपरिक पोशाक के साथ ही टी-शर्ट, कैपरी की रेंज भी उतारी गई है। दुकानों पर लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं, पोशाक, मुकुट, बांसुरी से लेकर हिंडोले लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का रंग बाजार पर छाने लगा है। शहर के स्टेशन, स्टेडियम और जेपी रोड पर जन्माष्टमी की धूम नजर आने लगी है। 100 से लेकर 2500 रुपये तक के मेटल के हिंडोले बाजार में उपलब्ध हैं। चांदी की पालिश वाले छह इंच से दो फुट ऊंचे हिंडोलों की मांग ज्यादा है।लड्डू गोपाल और राधा कृष्ण की प्रतिमाओं की पोशाक ज्यादा बिक रही है। बाजार में पीतल व अन्य मेटल से बनी लड्डू गोपाल व राधा कृष्ण मूर्तियां भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। इन मूर्तियों की कीमत 95 से लेकर 550 रुपये तक है। व्यापारी शार्दूल विक्रम देव ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर इससे जुड़े सामान की बिक्री कई दिन पहले से ही शुरू हो चुकी है। कीमतों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस बार कई नए उत्पाद उतारे गए हैं। जो लोगों को खूब भा रहे हैं।
लड्डू गोपाल की टी-शर्ट और कैपरी
इस बार जन्माष्टमी पर लड्डूगोपाल पारपंरिक पोशक के साथ साथ टी-शर्ट और कैपरी में भी नजर आएंगे। इसकी कीमत 85 से 150 रुपये तक है। इसके अलावा जरी से बनी पोशाकें भी लोगों को खूब भा रही हैं। इनकी कीमत 250 से 5000 रुपये तक है। इसके अलावा मुकुट, बांसुरी, गद्दा, तकिया, मोरपंख, मोतियों की माला ग्राहकों को लुभा रही है। इन सभी की कीमत भी 20 से 450 रुपये तक है।