युवक की चाकू मारकर हत्या की घटना में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस अफसरों ने दुकान बंद कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मोहल्ला पठानी स्थित देशी शराब की दुकान पर विवाद के बाद युवक की हत्या की घटना के बाद मोहल्ले से दुकान हटाने की मांग को लेकर लोगों ने रविवार को सड़क पर शव रखकर जाम लगाया। दुकान सील करने के अधिकारियों के आश्वासन के बाद बमुश्किल लोग शांत हुए। बाद में शव का अंतिम संस्कार किया। इधर, इस घटना में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मोहल्ले में एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। फिलहाल दुकान को भी बंद करा दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मस्जिद पठानी स्थित देशी शराब की दुकान पर शनिवार शाम विवाद के बाद मोहल्ले के ही गौरीशंकर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण पुलिस व पीएसी तैैनात कर दी गई थी। पुलिस ने रात में ही ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन हत्यारोपियों मोहल्ला फीलखाना निवासी गोरे उर्फ सलमान, मुशर्रफ और अजीम को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया।
इधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर शराब की दुकान के बाहर पहुंचे। यहां शव रखकर मृतक की पत्नी समेत क्षेत्र की महिलाएं धरने पर बैठ गईं और शराब की दुकान को हटाने की मांग करने लगीं। सूचना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने के प्रयास किया। इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन परिजन मांग पर अड़े रहे। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम को बुलाकर दुकान को सील करने का लिखित आश्वासन दिया गया। जिसके बाद परिजन शव को घर ले गए। बाद में अंतिम संस्कार किया। एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थिति सामान्य है।
000
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे बरखेड़ा विधायक
बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्ता नंद भी मृतक के घर पहुंचे। परिजन से मुलाकात की। घटना पर दुख जताकर मदद का आश्वासन दिया। परिजनों ने विधायक के सामने कई समस्याएं रखीं।
000
हत्यारोपियों का गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब की दुकान भी बंद करा दी है। स्थिति सामान्य है।
- अनिल यादव, एएसपी