पीलीभीत। निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात का मामला गरमाने के बाद मस्जिद, दरगाह के अलावा मदरसों में भी संदिग्ध लोग मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। शहर के एक मदरसे में जांच के दौरान मिले पांच संदिग्ध लोगों की स्क्रीनिंग कर क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। इनमें कर्नाटक और लखीमपुर का एक-एक व्यक्ति भी शामिल है। बाकी तीनों पीलीभीत के हैं। इन सभी के खून के नमूने जांच को लखनऊ भेजे गए हैं।
निजामुद्दीन (दिल्ली) में हुई तब्लीगी जमात का मामला सामने आने के बाद जनपद के मस्जिद, दरगाह और मदरसों की जांच के आदेश हैं। प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली कि शहर के एक मदरसे में कुछ लोग रुके हुए हैं और उन्हें बुखार भी है। इस पर डॉ. आरके सिंह ने मदरसे में जाकर मामले की पड़ताल की। इस दौरान वहां पांच संदिग्ध लोग मिले। इसमें एक व्यक्ति कर्नाटक और दूसरा लखीमपुर का रहने वाला है। बाकी तीन व्यक्ति स्थानीय जिले के ही रहने वाले हैं। स्क्रीनिंग में हालांकि बुखार होना नहीं पाया गया। इसके बाद टीम ने सभी को क्वारंटीन वार्ड में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मदरसे में मिले पांच लोगों के ब्लड खून के नमूने केजीएमयू (लखनऊ) जांच के लिए भेजे गए हैं।