पीलीभीत। शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद की कमेटी और वहां लगने वाले मंगल बाजार को लेकर काफी हंगामा हुआ था। कुछ लोगों ने सुन्नी वक्फ बोर्ड तक शिकायत की थी। अब मामले में मस्जिद की कमेटी की तरफ से बयान जारी हुआ है। कहा गया कि बाजार का ठेका करने में कोई अनियमितता नहीं बरती गई। कुछ लोग माहौल खराब करने को शिकायतें कर रहे हैं। रिपोर्ट वक्फ बोर्ड को भेजी जा चुकी है।
दरअसल मंगल बाजार को लेकर पिछले दिनों काफी हंगामा हुआ था। पिछले सप्ताह सुन्नी वक्फ बोर्ड की तरफ से मंगल बाजार का ठेका करने की निविदा प्रकाशित होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। वक्फ बोर्ड ने ठेका खुद करने का निर्णय लेकर कमेटी को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हालांकि कमेटी पहले ही ठेका कर चुकी है। जामा मस्जिद कमेटी के सचिव सिराज बहादुर खां ने बयान जारी करके कहा कि वक्फ ने मंगल बाजार का ठेका नहीं किया है। बोर्ड ने कमेटी द्वारा पूर्व में किए गए ठेके को ही सही माना है। कुछ खुराफाती लोग जो मस्जिद के घरों में रह रहे हैं और किराया भी नहीं दे रहे। वही माहौल खराब करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। कमेटी की ऑडिट रिपोर्ट वक्फ बोर्ड को भेजी जा चुकी है। कहीं कोई गड़बड़ी की बात नहीं है।