गांव रंपुरा नत्थू निवासी कोमिल प्रसाद (37) पुत्र गुलाब राय शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव से बरखेड़ा बाजार जा रहे थे। रास्ते में देशी शराब की दुकान के पास स्थित पुलिया पर वह कुछ देर आराम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह चार फिट नीचे नगर पंचायत की ओर से बनाए जा रहे नाले में जा गिरे।
नाले का निर्माण अधूरा होने से लोहे की सरिया बाहर की ओर निकली थीं। दो सरिया कोमिल प्रसाद के बाएं पैर में घुसकर आर-पार निकल गईं। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने लोहे काटने वाली आरी का इंतजाम किया।
करीब 30 मिनट की मेहनत के बाद सरिया काटकर युवक को नाले से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल पीलीभीत के लिए रेफर कर दिया है।