पीलीभीत। एक माह में जर्जर हुई शहर की दो सड़कों की सभासदों की ओर से की गई शिकायत पर डीएम ने संज्ञान लिया है। जांच समिति गठित होने के बाद बृहस्पतिवार को एसडीएम अतिरिक्त व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने दोनों सड़कों का मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से बातचीत की।
नगर पालिका की ओर से शहर के निरंजनकुंज कॉलोनी के टीवी टॉवर मार्ग का 35.41 लाख रुपये से दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य कराया गया था। निर्माण पूरा होने के माह के अंदर ही सड़क कई जगह से उखड़ने लगी।
बरसात ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को उजागर कर दिया। इसको लेकर निरंजनकुंज की सभासद सुनीता सिंह ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से लिखित शिकायत पर सड़क की जांच कराने की मांग की। इसी के साथ शहर के देशनगर में शौचालय के पड़ोस में डूडा द्वारा बनाई गई इंटरलॉकिंग गली में गुणवत्ता विहीन सामग्री मिलाकर कार्य कराने का आरोप लगाया गया।
दोनों सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने अतिरिक्त एसडीएम पवन सिंह की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी दो सदस्यीय जांच समिति गठित की। बृहस्पतिवार को जांच समिति ने पहले निरंजनकुंज मार्ग की स्थिति परखी, व देशनगर मोहल्ले की नव निर्मित गली को देखते हुए आसपास के लोगो से भी जानकारी ली। अतिरिक्त एसडीएम पवन सिंह ने बताया कि दोनों सड़को की स्थिति को देखा गया है, फर्मों का भुगतान रोकते हुए जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।