पीलीभीत। ग्राम पंचायत में विकास कार्य के नाम पर प्रधान और सचिव पर ग्रामीणों ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही 15 दिनों के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव आनंदपुर भगवंतापुर निवासी कांशीराम, राकेश कुमार, रामंचद्र, दिलेराम, मनोज कुमार ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को शपथपत्र के माध्यम से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया कि प्रधान सतीश गिरी और सचिव विजय कुमार ने शासन की ओर से ग्राम पंचायत के विकास कार्याें को भेजी जाने वाली धनराशि का जमकर दुरुपयोग किया है।
इसके साथ ही गांव में विकास कार्यों के नाम पर मनमानी कर मानक विहीन कार्यों को कराया है। मामले की शिकायत पर डीएम ने दो सदस्यीय टीम को गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। इसमें भूमि संरक्षण अधिकारी व सहायक अभियंता शारदा सागर खंड को शामिल किया गया है। डीएम ने जांच टीम को निर्देश जारी किए हैं कि वह ग्राम पंचायत में जांच कर जांच आख्या रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि डीएम के आदेश पर ग्राम पंचायत में दो सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के आदेश दिए गए है। संवाद