पूरनपुर। पुलिस की मनमानी नया कारनामा सामने आया है। वाहन चालान का लक्ष्य पूरा करने के चक्कर में पुलिस ने एक कार स्वामी का हेलमेट न लगाने की धाराओं में चालान कर दिया। ई-चालान का मेसेज जब कार स्वामी के मोबाइल पर आया तो वह भौचक रह गया। कार सवार ने जब इस मामले में पुलिस से संपर्क किया तो अपनी गलती सुधारने के बजाय पुलिस ने कार सवार को ही चालान कटने पर जुर्माना जमा करने की हिदायत दे डाली। पुलिस का कहना है कि अब चालान हो ही गया है तो जुर्माना अदा करना ही पड़ेगा।
मामला 13 जुलाई शाम का है। नगर की अशोक कॉलोनी निवासी अशेष अवस्थी 13 जुलाई शाम सात बजे अपने पैतृक गांव घुंघचाई से कार से घर वापस आ रहे थे। इसी बीच घुंघचाई पुलिस ने उनकी कार का चालान हेलमेट न लगाने की धाराओं में कर दिया। ई-चालान की जानकारी उन्हें तब हुई, जब उनके मोबाइल पर मेसेज पहुंचा। उन्होंने बताया कि मेसेज दिखाने के लिए वह सीओ कार्यालय भी गए। उस समय सीओ अपने कार्यालय में नहीं थे। इस पर उन्होंने संबंधित स्टाफ को पूरी बात बताई और गलत चालान होने की जानकारी दी। इस पर संबंधित स्टाफ ने पुलिस की गलती मानने के बजाय उनसे दो टूक कह दिया कि अब जब चालान हो ही गया है तो उसका जुर्माना तो उन्हें देना ही होगा।
कार सवार का हेलमेट न लगा होने पर चालान नहीं हो सकता। यह संभव है कि किसी दरोगा की गलती की वजह से चालान हो गया है। मौके पर फोटो भी खींचा गया होगा। इसकी जांच कराई जाएगी। अगर पुलिस की गलती से चालन हुआ है तो उसे निरस्त कराया जाएगा। - योगेंद्र कुमार, सीओ पूरनपुर