पीलीभीत। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालयी यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में अनधिकृत रूप से चल रहे स्कूली वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन चलाने से रोकने के लिए एआरटीओ और यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया।
बुधवार को गांधी सभागार में हुई बैठक में एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने विगत बैठक में विभिन्न विभागों को दिए गए निर्देशों की अनुपालन के बारे में बिंदुवार विवरण उपलब्ध कराया। इसके तहत जिले में चिह्नित 19 ब्लैक स्पॉट का बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने बैठक में आए विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने विद्यालय में विद्यार्थियों के अनुपात में पर्याप्त संख्या में स्कूली वाहन संचालित कराएं। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालय संचालकों को नोटिस भेजकर पर्याप्त संख्या में स्कूली वाहन पंजीकृत कराने, फिटनेस समाप्त हो चुके वाहनों की फिटनेस पूर्ण कराने, छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा का प्रचार प्रसार कराने के लिए निर्देशित करें।
एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि वे फिटनेस और परमिट फेल वाहनों को नोटिस भेज कर एक सप्ताह का समय देते हुए प्रपत्र पूर्ण न कराए जाने पर पंजीकरण निरस्तीकरण की कार्रवाई करें।
मुख्य मार्ग के दोनों ओर भराव के निर्देश
जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेज चौराहे से कलक्ट्रेट तक मुख्य मार्ग के दोनों तरफ गहराई वाले स्थान पर भराव कार्य पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता के साथ स्वयं निरीक्षण किए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया। असम चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर हुई गड्ढों पर सुधारात्मक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देश दिए, ताकि चौराहे से निकलने वाला ट्रैफिक सुगमता से आवागमन कर सकें।