पूरनपुर मंडी समिति में निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव से किसानों से घटतौली होने की शिकायत करते
पूरनपुर। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद आलोक कुमार ने मंडी समिति के गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद बढ़ाने के लिए कहा। राइस मिलर्स और अनाज व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर स्टाॅक सत्यापन के निर्देश भी दिए। कहा कि हर सप्ताह सबसे अच्छी खरीद करने वाले केंद्र प्रभारी का उत्साहवर्धन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को मंडी पहुंचे प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद ने आरएफसी, पीसीयू के केंद्रों पर अब तक हुई गेहूं खरीद की जानकारी ली। किसानों से सुविधाओं के बारे पूछा। कहा कि गेहूं बेचने आ रहे किसानों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। जरूरी है कि किसानों को गेहूं बिक्री के लिए इंतजार न करना पड़े।
मंडी सचिव सर्वेश शुक्ला ने बताया कि मंडी समिति क्षेत्र में अब तक 23 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। मंडी समिति के अंदर 9518 क्विंटल गेहूं पहुंचा है तो मंडी के केंद्रों पर 7798 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। इसके अलावा 1720 क्विंटल गेहूं की नीलामी से बिक्री कराई गई है।
भाकियू (टिकैत) के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने व्यापारियों और कुछ राइस मिलर्स पर घटतौली करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। उनका कहना था कि व्यापारियों, राइस मिलर्स को या तो गेहूं खरीद की खुली छूट दी जाए या फिर पूरी तरह पाबंदी लगाई जाए।
प्रमुख सचिव ने शिकायत को गंभीरता से लेकर मंडी समिति सचिव को टीम के साथ राइस मिलों में स्टाॅक का सत्यापन कराने, गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में डिप्टी डायरेक्टर मंडी अविनाश मौर्य, डीएम संजय कुमार, एसपी अवनीश पांडेय आदि मौजूद रहे।