पीलीभीत। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जा रहे कार्यों के तहत समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यदायी संस्थाओं को शीघ्र भवनों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को योजनाओं में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया।
सोमवार को गांधी सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सड़क निर्माण, सिंचाई, विद्युत देय, पंचायत भवन निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व ग्रामीण, छात्रवृत्ति, पेयजल, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना आदि की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध व मानक के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निपुण परीक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मत्स्य पालन के इच्छुक व्यक्तियों को तालाबों के पट्टा आवंटन करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने 50 लाख से अधिक लागत की भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने ने ड्रग वेयरहाउस के निर्माण की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिलाधिकारी ने अवशेष कार्यों को तेजी से साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि राजकीय आईटीआई के अपग्रेडेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
इस पर डीएम ने शीघ्र ही उसको हैंडओवर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मां गोमती उद्गम स्थल पर्यटन का कार्य पूर्ण होने पर उसे भी हैंडओवर करने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।