पीलीभीत। जिले में 100 से अधिक कॉलोनियां राजस्व का चूना लगाकर विकसित कर दी गईं। इस संबंध में शिकायतें मिलने के बाद जिला पंचायत के जिम्मेदारों ने नए सिरे से सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अपर मुख्य अधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदारों को निर्देश जारी किए हैं।
विनियमित क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी राजस्व का चूना लगाकर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रहीं हैं। स्थिति यह है कि 100 से अधिक कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। लगातार शिकायतें मिलने के बाद हाल ही में जिला पंचायत ने कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति के लिए 25 अवैध कॉलोनियों कोे नोटिस जारी किया था।
इसके बाद कई और कॉलोनियों के विकसित किए जाने की जानकारी मिलने के बाद नए सिरे से पूरे जिले में टीमों को लगाकर अवैध कॉलोनियों का सत्यापन कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए राजस्व निरीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं।
अपर मुख्य अधिकारी हरमीक सिंह ने बताया अब तक अवैध रूप से संचालित 25 कॉलोनियां प्रकाश आईं थीं। अब जानकारी हुई है कि पूरनपुर, कलीनगर, बीसलपुर क्षेत्र में भी अवैध रूप से कई कॉलोनी विकसित की रही हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। सत्यापन में जो स्थिति सामने आएगी उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।