पीलीभीत। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंस्पायर-मानक योजना के अंतर्गत जिला स्तर पर चयनित छात्रों के ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन के निर्देशानुसार यह नामांकन आगामी 15 सितंबर तक अनिवार्य रूप से करने होंगे।
शासन से जारी आदेश के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत विद्यालय, मदरसा शिक्षा परिषद और सीबीएसई/आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
इसमें विद्यार्थियों को नवाचार पूर्ण विज्ञान परियोजनाओं और प्रयोगात्मक विचारों को प्रस्तुत करना होगा। चयनित प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसको लेकर जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा नामांकन की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला अस्पताल में इसको लेकर कवायद तेज हो गई है।
बीएसए और डीआईओएस की ओर से जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालय प्रमुखों को भी समयसीमा का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। अफसरों का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी पृष्ठभूमि से आने वाले होनहार छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना है, ताकि भविष्य में वे अनुसंधान और आविष्कार की दिशा में समाज व देश का नाम रोशन कर सकें।