पीलीभीत। लॉकडाउन के बीच संगीन आरोपों में घिरे थाना जहानाबाद के इंस्पेक्टर मनीराम सिंह और बिलसंडा थाना प्रभारी हरीशंकर वर्मा को आखिरकार निलंबित कर दिया गया। जहानाबाद में सोमवार को चेयरमैन ममता गुप्ता के पति दुर्गाचरन गुप्ता को गालियां देते हुए धमकाने के आरोप इंस्पेक्टर सिंह पर कार्रवाई हुई। जबकि बिलसंडा थाने में शादी की सालगिराह की दावत करना इंस्पेक्टर को भारी पड़ा। दोनों ही मामलों के वीडियो वायरल हुए थे और डीजीपी तक जानकारी पहुंच गई थी।
मंगलवार को दोनों थाना प्रभारियों के वीडियो वायरल होने के बाद से ही उन पर कार्रवाई तय मानी जा रही थी। इंस्पेक्टर मनीराम सिंह का गोकशी को लेकर नगर पंचायत जहानाबाद की चेयरमैन ममता गुप्ता के पति से विवाद था। चेयरमैन पति दुर्गाचरन गुप्ता का आरोप था कि मनीराम सिंह गोमांस तस्करों से सांठगांठ कर गोकशी करा रहे हैं। जबकि इंस्पेक्टर ने भी गुप्ता को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए इसी धंधे में लिप्त बताया था। इसी की रंजिश में सोमवार रात चेयरमैन समेत परिवार वालों को इंस्पेक्टर द्वारा गालियां देते हुए धमकाने का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ था। इसके बाद एक व्यापारी की तहरीर पर चेयरमैन समेत पूरे परिवार पर छेड़छाड़ और हमला करने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। चेयरमैन ने इसे झूठा बताते हुए फंसाने की साजिश बताया था। चेयरमैन ममता गुप्ता ने एएसपी को इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ लूट की तहरीर दी थी।
इधर, बिलसंडा थाना प्रभारी हरीशंकर वर्मा का लॉकडाउन के बीच थाने में दावत करने का वीडियो वायरल हुआ था। दावत इंस्पेक्टर की शादी की 11 वीं सालगिरह को लेकर रविवार रात की गई थी। बाकायदा टेंट लगाया गया था। टेंट इसमें सामाजिक दूरी भी दरकिनार कर दी गई थी। हालांकि बाद में इंस्पेक्टर ने यह कहते हुए बचाव किया था कि थाने के होमगार्ड, सिपाही, चौकीदारों ने सामान्य तौर पर भोजन तैयार किया था।
इन दोनों मामलों में पुलिस की काफी फजीहत हुई। शासन स्तर से भी संज्ञान लिया गया। डीजीपी ने खुद दोनों मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फिर आधी रात के बाद एसपी ने दोनों को पहले लाइन हाजिर किया। दोनों के लाइन में आमद करा ही पाए थे कि उनके निलंबन का आदेश भी जारी हो गया। अब पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह को जहानाबाद और डीसीआरबी प्रभारी नरेश कश्यप को बिलसंडा थाने का प्रभारी बनाया गया है। एसपी की ओर से की गई कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई।
कठिन चुनौती के दौर में जहां पुलिस मेहनत लगन और त्याग की मिसाल पेश कर रही है, वहीं जहानाबाद और बिलसंडा थाना प्रभारी के कुछ ऐसे वीडियो सामने आए, जिसमें छवि धूमिल हुई है। दोनों थाना प्रभारियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश किए हैं। अनुशासनहीनता और लॉकडाउन उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। - अभिषेक दीक्षित, एसपी
इंस्पेक्टर गलत थे इसलिए हुआ निलंबन, एफआईआर भी दर्ज हो
गोकशी का धंधा कराने वाले इंस्पेक्टर मनीराम सिंह ने मुझे और मेरे परिवार को फंसाने के लिए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। मेरे घर आकर गाली गलौज कर न सिर्फ अभद्रता की, बल्कि तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट की। इंस्पेक्टर मनीराम सिंह गलत थे, इसलिए निलंबित किए गए। अब मेरी पत्नी चेयरमैन ममता गुप्ता की तहरीर पर इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए। - दुर्गाचरन गुप्ता उर्फ अन्ना भइया, चेयरमैन पति, नगर पंचायत जहानाबाद
मुझसे कोई चूक हुई, इसलिए अधिकारियों ने दंडित किया
मेरी ओर से की गई कार्रवाई में कोई चूक हुई होगी। इसलिए अधिकारियों ने उसका संज्ञान लेकर मुझ पर विभागीय कार्रवाई की है। मुझे निलंबित कर दंडित किया गया है। अधिकारियों का लिया गया फैसला स्वीकार करता हूं। इस पर न तो मुझे कुछ अधिक कहना है, न ही सवाल उठाऊंगा। विभागीय स्तर पर चल रही जांच में अपना पक्ष रखूंगा। - मनीराम सिंह, इंस्पेक्टर