- घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव जितौरिया टांडा में देर रात हुई घटना
- एसडीएम ने गांव पहुंचकर की जांच, हरसंभव मदद का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुंघचाई (पीलीभीत)। खपरैलपोश घर ढह जाने से घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव जितौरिया टांडा निवासी 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। साथ ही पति और तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसडीएम व तहसीलदार ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
गांव जितौरिया टांडा निवासी रामऔतार बृहस्पतिवार की रात पत्नी और तीन बच्चों के साथ अपने खपरैलपोश घर में सो रहे थे। रात करीब 10:30 बजे अचानक खपरैलपोश घर ढह गया। पूरा परिवार उसके नीचे दब गया। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई और अन्य ग्रामीण आ गए।
सभी को मलबे से बाहर निकाला गया। तब तक रामऔतार की पत्नी राजेश्वरी की मौत हो चुकी थी। घायल रामऔतार, आठ वर्षीय मोहिनी, 14 वर्षीय सिद्धधुरी और 12 वर्षीय बेटा जीतू को पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना तहसील प्रशासन और पुलिस को दी गई।
सूचना पर उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार ऋषिकांत रघुवंशी व घुंघचाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम ने परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय लेखपाल को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी।
बच्चों के सिर से उठा मां का साया, बिलख रहा परिवार
राजेश्वरी देवी की मौत से छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। पूरा परिवार बिलख रहा है। बच्चों के लालन-पालन के लिए गंभीर समस्या बन गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। सिर्फ एक बीघा जमीन है। खपरैलपोश घर गिरने से रामऔतार का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। मलबे में दब कर सामान भी नष्ट हो गया है।
गांव जितौरिया टांडा में हादसे की सूचना पर पहुंचे एसडीएम। संवाद
गांव जितौरिया टांडा में हादसे की सूचना पर पहुंचे एसडीएम। संवाद
गांव जितौरिया टांडा में हादसे की सूचना पर पहुंचे एसडीएम। संवाद