पीलीभीत। शासन में अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन और जनपद के नोडल अधिकारी सुरेश चंद्रा ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांधी सभागार में कोविड 19 और संचारी रोग नियंत्रण एवं स्वच्छता अभियान की समीक्षा की। उन्होंने एल-1 और एल-2 अस्पतालों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की और स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल की गतिविधियों पर भी ध्यान दें। कोरोना के गंभीर मरीजों को समय रहते रेफर किया जाए।
समीक्षा बैठक में सीएमओ ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय में 100 बेड का एल-2 अस्पताल संचालित है। अस्पताल में वेंटिलेटर, बाथरूम, शौचालय, पेयजल सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुसार की गई हैं। कोरोना से मरने वाले मरीजों की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि निजी अस्पतालों पर विशेष नजर रखी जाए। मरीज को समय रहते बाहर रेफर किया जाए न कि हालत अधिक बिगड़ने पर। एंबुलेंस पहुंचने की समय सीमा और सर्विलांस टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए। होम आइसोलेशन को लेकर कहा कि कंट्रोल रूम से प्रतिदिन सुबह-शाम मरीजों से फोन करके तापमान और पल्स ऑक्सीमीटर की जानकारी लेते रहें। जरूरत पड़ने पर मेडिकल टीम भी मरीज के घर पर भेजी जाए। उन्होंने जनपद में काम करने वाली 690 निगरानी टीमों द्वारा किए गए सर्वेक्षण कार्य की भी जानकारी की। कहा कि डाटा फीडिंग में किसी तरह की लापरवाही न बरतें। इस मौके पर डीएम पुलकित खरे, सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अतुल सिंह, एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र, डॉ. सीमा अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह, डीसी मनरेगा मृणाल सिंह आदि मौजूद रहे।
निर्माण कार्य पूरा होने पर हस्तांतरित न करने पर जताई नाराजगी
नोडल अधिकारी सुरेश चंद्रा ने निर्माण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। रामलुभाई साहनी महाविद्यालय में निर्माण कार्य पूरे होने के बाद भी उसे हस्तांतरित न करने पर नाराजगी जताई। संबंधित संस्था को तत्काल हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सीएससी माधोटांडा, आश्रय गृह बीसलपुर, पीलीभीत, राजकीय महाविद्यालय पूरनपुर समेत अन्य कार्यों में तेजी लाने को कहा। नोडल अफसर ने कहा कि जो काम अधूरे हैं, उन्हें समय से पूरा करें और पूरे हो चुके कार्य तुरंत हैंडओवर किए जाएं। कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित एस्टीमेट के अनुसार काम पूरा होने के बाद ही भवन हैंडओवर करें। संस्था में कार्यरत समस्त श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए, ताकि श्रमिकों को शादी और शिक्षा अनुदान, दुर्घटना राहत समेत महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
मनरेगा में पारदर्शिता बरतने के निर्देश
नोडल अधिकारी ने मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी जुटाई। मनरेगा श्रमिकों को काम देने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने राशन वितरण की स्थिति बेहतर बनाने को कहा। डीपीआरओ को समस्त ग्राम पंचायतों में फॉगिंग और दवा का छिड़काव कर्मचारी लगाकर कराने को जिम्मेदारी दी, ताकि मच्छर जनित बीमारियां न बढ़ पाएं। देवीपुरा में मनरेगा जॉब कार्डधारकों द्वारा किए गए काम के बाद भी जॉबकार्ड आधे-अधूरे भरे होने पर नाराजगी जताई।
सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश
सफाई व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए नोडल अधिकारी दलबल के साथ मोहल्ला कबीर खां होते हुए कई गलियों में पहुंचे। वहां उन्होंने शौचालय और बरातघर निर्माण देखा और नाली देखने के बाद सफाई के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। देवीपुरा गोशाला का भी हाल जाना। हालांकि देवीपुरा गोशाला नोडल अधिकारी के आने से पहले ही चमका दी गई थी। उन्होंने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
गांधी सभागार में बैठक करते नोडल अधिकारी, साथ में डीएम और सीडीओ।- फोटो : PILIBHIT