चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने समझाकर कराया शांत
पीलीभीत। जिला अस्पताल में भर्ती सड़क हादसे में घायल युवक की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद मामला शांत कराया।
शहर की नई बस्ती निवासी 45 वर्षीय शत्रुघ्न तीन दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पैर में गहरी चोट होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने के लिए समय निर्धारित किया था, लेकिन तय समय पर सर्जरी नहीं की गई। बुधवार देर रात अचानक शत्रुघ्न की हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल कर्मियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला बढ़ता देख चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और काफी देर बाद स्थिति को शांत कराया। परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मामले में जांच के निर्देश दिए गए। संवाद