मंडलायुक्त प्रमांशु कुमार ने अधिकारियों संग बैठक कर इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खुली सीमा होने के चलते इस पर विशेष निगरानी की जरूरत है। एसएसबी के साथ पुलिस व खुफिया विभाग को हर समय एलर्ट रहना चाहिए।
टाइगर रिजर्व के मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस में शनिवार को मंडलायुक्त, डीआईजी आरकेएस राठौर, एसपी जेके शाही, एडीएम अजयकांत सैनी, एसएसबी कमांडेंट जेपी राना की मौजूदगी में बैठक हुई। मंडलायुक्त ने सीमा के बारे में जानकारी ली और किए गए सुरक्षा उपायों पर चर्चा की। एसएसबी कमांडेंट ने उन्हें क्षेत्र में स्थपित चौकियों और उनकी गश्त की जानकारी दी। डीआईजी ने क्षेत्र की सुरक्षा की चौकसी के लिए गश्त रखने के साथ स्थानीय लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बरसात के समय बाढ़ आने पर सुरक्षा के उपाय करने और किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अभी से तैयारी करने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद अधिकारी चूका स्पॉट पहुंचे और इसका लुत्फ उठाया।
इस मौके पर टाइगर रिजर्व के डीएफओ कैलाश प्रकाश, एसडीओ डीपी सिंह, एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार दिग्विजय सिंह, सीओ ब्रजवीर सिंह, एसओ राजेंद्र सिंह, महोफ वनक्षेत्राधिकारी केपी सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।