आईजी (एसएसबी) श्याम सिंह शेखावत ने कहा कि मौसम के मिजाज में तब्दीली के बावजूद इंडो-नेपाल बार्डर की सुरक्षा में कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसबी जवान अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएं, ताकि देश की सुरक्षा में कोई व्यवधान पैदा न हो।
वह नगरिया कट बीओपी चौकी में मंगलवार को आर्मी द्वारा एसएसबी जवानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जवानों को सीमा पर अतिरिक्त चौकसी के निर्देश दिए। कहा, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, पाकिस्तान बार्डर क्षेत्रों में अलग-अलग तरह से सीमाओं की सुरक्षा की जा रही है। इसी तरह यहां भी जवान पेट्रोलिंग के दौरान प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों के मुताबिक अपने कार्यों को अंजाम दें। उन्होंनें कहा कि ग्रामीणों की मीटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। जन सहयोग से बार्डर की सुरक्षा की जाए। सुरक्षा के प्रति आम लोगों को भी जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। बताया, बीओपी चौकियों के लिए जमीन तलाशी जा जारी है। उन्होंने आर्मी के बार्डर पर पेट्रोलिंग करने के तौर तरीकों की भी जानकारी दी। इस मौके पर डीआईजी केपी सिंह, 26 वाहिनी के कमांडेंट जेपी राणा, 57 वाहिनी के कमांडेंट केसी राना, सहायक कमांडेंट अनिल जोशी, कंपनी कमांडर नगरिया कट भगवान प्रसाद, नौजलिया चौकी प्रभारी तरुण भटनागर सहित अन्य चौकियों के कंपनी कमांडर और जवान मौजूद रहे।
पौन घंटे तक चला रिहर्सल
आईजी ने प्रशिक्षित जवानों के रिहर्सल का भी अवलोकन किया। जवानों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए सुरक्षा संबंधी कौशल का प्रदर्शन भी किया। इसके चलते बीओपी चौकी के दो किलोमीटर की परिधि में आवागमन बंद रखा गया।
आईजी ने अफसरों संग की मंत्रणा
आईजी श्याम सिंह शेखावत ने डीआईजी केपी सिंह, कमांडेंट जेपी राणा समेत अन्य अधिकारियों के साथ नगरिया कट चौकी पर सीमा सुरक्षा को लेकर गहन मंत्रणा की और दिशा निर्देश दिए।