भारतीय कृषि प्रशासनिक सेवा का हो गठन
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर नेहरू पार्क में धरना दिया। संघ पदाधिकारियों ने आईएस, आईपीएस की तरह आईएएएस (भारतीय कृषि प्रशासनिक सेवा) के गठन की मांग की।
नेहरू पार्क में जिलाध्यक्ष केपी सिंह की अध्यक्षता में अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के तत्वावधान में कृषि कर्मियों ने धरना दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषकों की आय दोगुना करने का संकल्प दोहरा रहे हैं लेकिन कृषि कर्मियों एवं कृषि स्नातकों की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। दोपहर तक चले धरने के बाद कृषि कर्मी जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट रजितराम प्रजापति को सौंपा। इसमें आईएएस, आईपीएस, आईएफएस की तरह आईएएएस का गठन करने, कृषि स्नातकों को बीटेक, एमबीबीएस व बीवीएससी के समान न्यूनतम वेतन दिलाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारी को प्रति नमूना 10 रुपये का भुगतान कराने सहित कई मांगे हैं। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में अरविंद सक्सेना, राजीव वाजपेई, अनिल वर्मा, राजवीर सिंह, वीरेंद्र गंगवार, प्रदीप कुमार मौजूद रहे।