प्रतिभाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, समाजसेवी, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों तथा निबंध, चित्रकला और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। गांधी सभागार में कवि अविनाश चंद्र मिश्रा ने कविता पाठ किया, जबकि अधिवक्ता दिनेश यादव ने बांसुरी वादन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग भर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील सदर के सामने निवासरत गरीब परिवारों को फल वितरित किए। उन्होंने वाल्टन क्लब में भी ध्वजारोहण कर लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बल्लभनगर स्थित शहीद पार्क पहुंचकर शहीदों को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए।
गांधी प्रेक्षागृह में देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर
गांधी प्रेक्षागृह परिसर में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने ध्वजारोहण के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं इंडिया क्विज के तहत आयोजित ओपन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया।
राज्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक महापुरुषों ने अपना बलिदान दिया। हमें उनके त्याग और संघर्ष को हमेशा याद रखना चाहिए। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी विकास की गति तेज हुई है।
उन्होंने कहा कि पीलीभीत को मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जनपद औद्योगीकरण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। भरापचपेड़ा में एबी मौरी फैक्ट्री का निर्माण हो चुका है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। आने वाले समय में जिले में और फैक्ट्रियां स्थापित होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जनपद में रोजगार मिल सकेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में जिला प्रशासन सराहनीय कार्य कर रहा है। सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के आधार पर काम कर रही है। आयुष्मान कार्डधारकों को निशुल्क उपचार, गरीबों को मुफ्त राशन और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही सड़क, पुल और अन्य विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।
क्विज विजेताओं को पुरस्कार
ओपन क्विज प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्यमंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मंसूर अहमद शम्सी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में एसपी ने किया ध्वजारोहण
पुलिस लाइन परिसर में एसपी सुकीर्ति माधव ने तिरंगा फहराया। वहीं पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में डीएफओ मनीष सिंह ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। शहर के विभिन्न सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में भी ध्वजारोहण कर देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।