पीलीभीत। एसएसबी जवान से स्टेशन परिसर में लगी एटीवीएम (ऑटोमैटिक टिकट विंडो मशीन) मशीन के संचालक ने अभद्रता कर दी। संचालक जवान से मारपीट पर भी उतारू हो गया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने जैसे तैसे मामले को शांत कराया।
शहर के दूधिया मंदिर में तैनात एसएसबी जवान छुट्टी पर घर जा रहा था। टिकट विंडो पर भीड़ अधिक होने के कारण जवान ने स्टेशन परिसर में लगी एटीवीएम मशीन संचालक से बरेली का टिकट मांगा। संचालक ने जवान की पूरी बात सुने ही दो टिकट बना दिए। जवान ने बताया कि उसने एक टिकट मांगा था। इस पर मशीन संचालक उससे बहस करने लगा।
देखते ही देखते एसएसबी जवान व संचालक में काफी बहस बढ़ गई। इतने में पास में मौजूद दूसरी मशीन का संचालक भी कर्मचारी का पक्ष लेने लगा। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। जवान ने कहा कि आपको कम सुनाई देता है। इस पर संचालक ने उस पर हाथ तक उठा दिया। जवान ने मशीन संचालक को जब अपना परिचय दिया तो वह और भी आग बबूला हो गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने जैसे तैसे मामले के शांत कराया। संचालक ने लोगों के काफी कहने के बाद युवक के रुपये वापस किए।